गुरु रविदास के विचारों में सामाजिक समरसता का भाव समाहित : रामपाल सिंह
सिलवानी। संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में नगर में संत रविदास पावन गंगा कलश रथ यात्रा एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने गुरु रविदास की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई इंदिरा आवास कॉलोनी पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में रहते हुए भी अपने कर्म को कभी छोटा नहीं माना। चमड़े से जूते बनाने का कार्य करते हुए भी उन्होंने अपनी महान वाणी, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से समाज को नई दिशा प्रदान की। उनके विचारों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग उनके अनुयायी बने।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को दिल्ली तक अध्ययन करने हेतु शासन द्वारा 10 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं समाज के लोगों से शिक्षित बनने, जागरूक रहने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर में सुधार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचारों को अपनाकर ही समरस समाज का निर्माण संभव है।भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू ने उपस्थित नागरिकों से संकल्प लेने का आग्रह करते हुए कहा कि सभी स्वयं शिक्षित बनें और अपने परिवार तथा समाज के उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाएं। संत रविदास के आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक एकता, समानता एवं समरसता को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।भाजपा नेता विभोर नायक ने कहा कि संत रविदास के विचार समानता, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। समरसता संकल्प अभियान एवं गंगा कलश वंदन यात्रा का उद्देश्य उनके विचारों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है, ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग उनके आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त कर सके।कार्यक्रम एवं शोभायात्रा में भाजपा जिला मंत्री संदीप शर्मा, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, लखन मेहरा, गुड्डा चढ़ार, एल्डरमैन किशोर सिंह शेखावत, गोवर्धन अहीरवार, डल्लू भगाजी, डल्लू चौकीदार, संत रविदास गंगा कलश यात्रा के प्रभारी कमलेश जाटव, नर्मदा जाटव, सुंदरलाल जाटव, हरीराम जाटव, प्रकाश जाटव, संदीप जाटव, हेमंत जाटव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उपस्थित रहे।
